कुशीनगर
तमकुहीराज विकास खंड तमकुहीराज क्षेत्र के छहूं ईदगाह में 28वें रमजान के अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरेश यादव द्वारा भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 से अधिक रोजेदारों ने एक साथ बैठकर रोजा खोला।
इफ्तार कार्यक्रम में अमवा दुबे, तेंदुआ, बेलवा खुर्द, छहूं चौराहा, तुर्कपट्टी महुअवा, बरवा कला सहित आसपास के कई गांवों के लोग शामिल हुए। खास बात यह रही कि करीब 30 प्रतिशत हिंदू समाज के लोगों ने भी भागीदारी की, जिससे आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का माला पहनाकर एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री राधेश्याम सिंह ने कहा कि इफ्तार जैसे आयोजन समाज में प्रेम और सौहार्द को मजबूत करते हैं। वहीं सपा जिलाध्यक्ष राम अवध यादव ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम हिंदू-मुस्लिम एकता को बढ़ावा देते हैं और समाज में सद्भाव कायम रखते हैं।
सपा के वरिष्ठ नेता संतोष तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विभिन्न धर्मों के लोग एक साथ जुड़ते हैं, जिससे आपसी भाईचारा बढ़ता है।
इस अवसर पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी, राजन शुक्ला, चंद्रजीत यादव, कलामुद्दीन अंसारी, फिरोज अंसारी, उस्मानगनी नूरी, शत्रुध्न यादव, शैलेश गोंड, रामाशीष गोंड, रमाशंकर सिंह तथा मौलाना इमामुद्दीन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इफ्तार के दौरान सभी रोजेदारों ने देश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। कार्यक्रम के अंत में आयोजक अमरेश यादव ने सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।