कसया / कुशीनगर  


अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी कुशीनगर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेज गति से कराया जा रहा है। इसी क्रम में चेयरमैन प्रतिनिधि राकेश जैसवाल ने कसया नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंदिर रोड पर नाले के ऊपर ढक्कन लगाने का कार्य तेजी से चलता मिला। इस पर उन्होंने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर में बने स्मार्ट शौचालयों को रंगाई-पुताई और आकर्षक चित्रकारी के माध्यम से सजाया जा रहा है, जिससे नगर की सुंदरता में और निखार आ रहा है।

चेयरमैन प्रतिनिधि ने बताया कि नगर को स्वच्छ और पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नियमित साफ-सफाई, पेंटिंग, नाली निर्माण, सड़कों की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को एक साफ-सुथरा और व्यवस्थित कुशीनगर देखने को मिले।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान ही उनका लक्ष्य था कि नगर के प्रमुख स्थानों पर सड़क, नाली और सार्वजनिक शौचालय की समुचित व्यवस्था की जाए। इसी प्राथमिकता के तहत अधिकांश कार्यों को पूरा कराया जा चुका है।

राकेश जैसवाल ने यह भी बताया कि जहां-जहां सड़कें जर्जर थीं, उनका निर्माण और मरम्मत कराया गया है तथा नगर की लाइटिंग व्यवस्था को भी बेहतर बनाया गया है। नगर पालिका परिषद का प्रयास है कि कुशीनगर को एक आदर्श, स्वच्छ और विकसित पर्यटन नगर के रूप में स्थापित किया जाए।