ब्लॉक प्रमुख का कार्यकाल पूरा होने पर भावुक हुए राधेश्याम सिंह, बोले—जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत
कुशीनगर।रामकोला ब्लॉक प्रमुख दिग्विजय सिंह लक्ष्मण का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर उनके पिता एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्य मंत्री राधेश्याम सिंह ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख के चुनाव से लेकर पूरे कार्यकाल तक अनेक लोगों का सहयोग और विश्वास उन्हें लगातार मिलता रहा, जिसके लिए वे सभी के प्रति हृदय से कृतज्ञ हैं।राधेश्याम सिंह ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के दौरान परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण थीं, लेकिन ऐसे समय में बीडीसी सदस्यों, ग्राम प्रधानों, पूर्व प्रधानों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मित्रों और शुभचिंतकों ने जिस निष्ठा और समर्पण के साथ उनका साथ दिया, उसे वे कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत होता है और उसी विश्वास के बल पर दिग्विजय सिंह लक्ष्मण का कार्यकाल सकुशल एवं सफलतापूर्वक पूरा हुआ।पूर्व राज्य मंत्री ने कहा कि जीवन में सहयोग और विश्वास का विशेष महत्व होता है। जिन्होंने कठिन समय में उनका साथ दिया, उनके प्रति वे सदैव ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने सहयोगियों की हर मदद और समर्थन याद रहता है। जब भी उनके किसी साथी, मित्र या शुभचिंतक को उनकी आवश्यकता होगी, वे हरसंभव सहयोग करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक जीवन है, तब तक अपने लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनके साथ खड़े रहने का प्रयास करते रहेंगे।राधेश्याम सिंह ने कहा कि राजनीति केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और लोगों के बीच विश्वास कायम रखने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी समर्थकों और क्षेत्रवासियों का पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी जनता का स्नेह और सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के विकास, सामाजिक सद्भाव और जनहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का भरोसा भी दिलाया।