कसया, कुशीनगर            


  • कुशीनगर में S R P  ग्लोबल स्कूल का गुरुवार को भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एमएलसी देवेंद्र सिंह ने फीता काटकर विद्यालय का शुभारंभ किया तथा माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्पण व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

अपने संबोधन में एमएलसी देवेंद्र सिंह ने कहा कि भारत की ज्ञान परंपरा अत्यंत प्राचीन और समृद्ध रही है। उन्होंने कहा कि जिस समाज के पास ज्ञान होता है, वही विश्व का नेतृत्व करता है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि यही बच्चे आगे चलकर देश का भविष्य तय करेंगे।

उन्होंने इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेशी शक्तियां भारत को बलपूर्वक जीतने में सफल रहीं, लेकिन भारतीय ज्ञान और संस्कृति को पूरी तरह नहीं जीत सकीं। उन्होंने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में बदलावों पर चिंता जताते हुए कहा कि हमें अपनी पारंपरिक ज्ञान प्रणाली को मजबूत करना होगा।

एमएलसी ने कहा कि शिक्षा ही श्रेष्ठ नागरिकों का निर्माण करती है और विद्यालय समाज निर्माण की आधारशिला होते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को डांट-फटकार के बजाय प्रेम और समझ के साथ पढ़ाएं, जिससे उनका मानसिक और बौद्धिक विकास बेहतर हो सके।

आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि देश को विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करनी होगी और उनके स्वदेशी विकल्प विकसित करने होंगे। इससे भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह और सपा के पूर्व प्रत्याशी राजेश प्रताप राव ने विद्यालय प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि कुशीनगर की पावन धरती पर ज्ञान का मंदिर स्थापित करना एक सराहनीय और पुनीत कार्य है।

कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी रामजियावन मौर्य और तहसीलदार धर्मवीर सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य रामजी पाण्डेय ने की, जबकि संचालन अंशु मणि त्रिपाठी ने किया।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव, डायरेक्टर कृष्ण कुमार मिश्रा, सुधाकर पाण्डेय, सभासद केशव सिंह, ऋषिकेश मिश्रा, कविंद्र पांडेय, सत्यव्रत गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।