कसया, कुशीनगर


 कसया थाना परिसर में मंगलवार को नवागत थाना अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने क्षेत्र के पत्रकारों के साथ एक बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा घटनाओं की सूचना का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करना रहा।
थाना अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस और पत्रकार समाज के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और दोनों के सहयोग से ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में कोई घटना, विवाद या कार्यक्रम होता है तो उसकी सूचना समय से पुलिस को दें, ताकि मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस का प्रयास रहेगा कि कोई निर्दोष व्यक्ति फँसे नहीं और कोई अपराधी बचने न पाए, इसके लिए निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई करना उनकी प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान थाना अध्यक्ष और पत्रकारों के बीच परिचय हुआ तथा एक-दूसरे के मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान किया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके।
इस अवसर पर पत्रकार गोविन्द पटेल, अजय मिश्रा,गुड्डू निषाद, संदीप सिंह, हृदयानंद शर्मा, असलम अंसारी, पवन शर्मा, मनीष यादव, सतीश सिंह, डी के यादव, मेराज अली, आकाश मिश्रा,सरफराज, फारूक अंसारी, विजय यादव सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।