मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान, भावुक माहौल में 10वीं-12वीं के छात्र-छात्राओं को दी गई विदाई
कुशीनगर जिला के फाजिलनगर में
स्थित के.एफ.जी. हायर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक उत्सव, फेयरवेल एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12 वीं के छात्र-छात्राओं को भावभीनी विदाई दी गई।
विद्यालय परिसर में उल्लास और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह
के मुख्य अतिथि सेवा प्राप्त अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मुहम्मद सगीर अहमद दिलकस रहे। विशिष्ट अतिथियों में राजन कुमार शुक्ला (जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि), डॉ सिराजुद्दीन, रामानंद गुप्ता, विजय यादव, चंद्रजीत यादव, विपिन सिंह एवं केदार सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ मजीद ने की। संचालन मजीबुल्लाह राही एवं सह-संचालन नाज हुसैन ने किया।
विद्यालय के संस्थापक प्रबंधक रहमत अली, प्रधानाचार्य इंजीनियर गुलाब अंसारी एवं डायरेक्टर इंजीनियर अजमत हुसैन की देखरेख में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि मुहम्मद सगीर अहमद दिलकस ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों का महत्व बताते हुए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। राजन
कुमार शुक्ला ने शिक्षा को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्थापक रहमत अली एवं डायरेक्टर इंजीनियर अजमत हुसैन ने भी विद्यार्थियों को मेहनत और ईमानदारी के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत नशा मुक्ति, दहेज प्रथा उन्मूलन एवं देशभक्ति विषयों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। स्वागत गीत एवं देशभक्ति गीतों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। छोटे बच्चों ने अंग्रेजी में प्रभावशाली भाषण देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंत में मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए, तथा कक्षा 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को नम आंखों से विदाई दी गई
रिपोर्ट नूरुदीन मंसूरी जिला ब्यूरो चीफ CIB समाचार